भाजपा-आरएसएस बंगाल में दंगा शुरू करवाने की कोशिश में: ममता

कोलकाता, 5 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ(आरएसएस) पर धार्मिक जगहों पर गुप्त रूप से मांस फेंककर सांप्रदायिक दंगा कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

ममता ने पुलिस से दोषियों को पकड़ने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में सामुदायिक विकास समितियां गठित करने का आग्रह किया और इस मामले में स्थानीय लोगों द्वारा घटनाओं पर नजर रखने के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए कहा।

बनर्जी ने झारग्राम में आयोजित प्रशासनिक बैठक में कहा, “उन लोगों ने हाल में नई साजिश को शुरू किया है। वे लोग कुछ लोगों को पैसे दे रहे हैं और उन्हें मंदिर और मस्जिद में मांस फेंकने के लिए कह रहे हैं। यह एक साजिश है, भाजपा और आरएसएस द्वारा जानबूझकर सांप्रदायिक दंगा फैलाने का प्रयास है।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “वे लोग दो समुदायों में दंगा शुरू करवाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। मैं निश्चिंत हूं कि वे लोग रामनवमी में इसी तरह की ट्रिक अजमाने की कोशिश करेंगे। मुझे यह देखने की जरूरत नहीं है कि कौन हिंदू है कौन मुसलमान है। मैं सभी के पक्ष में हूं। एक अपराधी एक अपराधी है।”

बनर्जी ने कहा कि उन्होंने सभी पुलिस थानों के प्रभारियों को सतर्क रहने के लिए कहा है।

उन्होंने कहा, “हमने ऐसी घटनाएं उत्तर 24 परगना जिले में दो जगहों पर कम अंतराल में देखी हैं। हाबरा में भाजपा-आरएसएस के लोग इस मामले में गिरफ्तार हुए हैं। इसलिए मैं उनका नाम ले रही हूं। अगर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता इस मामले में गिरफ्तार होते, तो मैं उनका नाम भी लेती।”

उन्होंने कहा, “इस पर नजर रखने के लिए स्थानीय लोगों को जोड़ें। अगर कोई ऐसे अपराधी को पकड़ता है तो उसे एक हजार रुपये की इनामी राशि दें। अगर वे सफलतापूर्वक ऐसे अपराधियों को पकड़वाते हैं तो मैं कुछ को नौकरी दूंगी और कुछ को धनराशि दूंगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493