भाजपा और आप के बीच होर्डिग जंग तेज

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली की राजनीति एक नई तरह की जंग देख रही है और यह जंग है होर्डिग के जरिए अपनी-अपनी बात कहने की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को दिल्ली में एक साथ कई होर्डिग लगाकर अरविंद केजरीवाल सरकार के 526 करोड़ रुपये के विज्ञापन अभियान के खिलाफ मुहिम छेड़ दी।

भाजपा ने अपनी एक होर्डिग में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछा है, “आपने 526 करोड़ रुपये महज प्रचार पर क्यों फूंक दिए, जबकि इस पैसे से महिलाओं की सुरक्षा में मददगार साबित होने वाले पांच लाख कैमरे लगाए जा सकते थे।”

भाजपा ने अपनी होर्डिग में कहा है कि इतने पैसे में तो दिल्ली में 200 नए स्कूल और 50 नए कॉलेज खुल सकते थे और लोगों को 2000 बसें मिल सकती थीं। पांच लाख लोगों को एक साल तक पेंशन मिल सकती थी और एक लाख युवाओं को रोजगार मिल सकता था। इतने पैसे में 1000 अनधिकृत कॉलोनियों को पीने का पानी मिल सकता था।

भाजपा की होर्डिग आम आदमी पार्टी (आप) की उस होर्डिग के बाद लगाई गई हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली सरकार के कामकाज में दखल न देने की अपील की गई थी। आप की इस होर्डिग में कहा गया है- “प्रधानमंत्री सर, प्लीज! दिल्ली सरकार को काम करने दीजिए। दिल्ली सरकार ठीक काम कर रही है।”

बाद में आप ने अपने सभी होर्डिग दिवंगत राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के सम्मान में हटा दिए थे।

आप के प्रवक्ता दिलीप पांडे ने भाजपा की होर्डिग पर प्रतिक्रया देते हुए आईएएनएस से कहा कि भाजपा बजाय गंभीर राजनीति के, अवसरवादी राजनीति में लगी हुई है। आम आदमी पार्टी पहले से ही उन तमाम मुद्दों पर काम कर रही है जो भाजपा ने अपनी होर्डिग में उठाए हैं।

उन्होंने कहा, “सरकार ने बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मार्शल तैनात कर दिए हैं। भाजपा हमें नसीहत न दे, सिर्फ काम करने दे। भले ही भाजपा न जानती हो, मगर जनता जानती है कि आम आदमी पार्टी क्या कर रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493