भाजपा, कांग्रेस की नीति, नीयत किसानों के प्रति ईमानदार नहीं : अखिलेश

लखनऊ, 21 अप्रैल(आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी(सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रविवार को निशाना साधा, और कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों की नीति और नीयत किसानों के प्रति ईमानदार नहीं है।

अखिलेश ने यहां जारी एक बयान में कहा, “भाजपा और कांग्रेस दोनों एक हैं और इन दलों की नीतियां जनविरोधी हैं। भाजपा, कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों की नीति और नीयत किसानों के प्रति ईमानदार नहीं है। इन दोनों दलों पर अब जनता को भरोसा नहीं रह गया है।”

उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार ने राज्य की जनता के साथ घोर नाइंसाफी की है। किसान बेहाल हैं। खेत भाजपा सरकार में बर्बाद हो गए हैं। रोजगार, दवा-इलाज का कोई समुचित प्रबन्ध नहीं हो पा रहा है। पूरे उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है।”

यादव ने कहा, “भाजपा की केन्द्र सरकार के पांच वर्षो और राज्य सरकार के दो वर्षो के कार्यकाल में आपसी सौहार्द्र और भाईचारा बिगड़ा है। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, किसानों, महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। छोटे-मझोले व्यापारियों के काम-धंधे संकट में आ गए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493