डिंपल ने जौनपुर के शाहगंज में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नोटबंदी पर मोदी सरकार पर तंज कसा और कहा, “सरकार कालाधन तो वापस नहीं ला पाई, लेकिन दो हजार का चूरन छाप नोट जरूर ले आई है। चूरन छाप दो हजार के नोट पर भी हाथी-कमल साथ-साथ हैं।”
कन्नौज की सांसद और मुख्यमंत्री अखिलेश की पत्नी डिंपल ने प्रधानमंत्री मोदी के बिजली वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन पर बिजली को हिंदू-मुसलमान बनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश के बयान को दोहराते हुए वाराणसी की बिजली का मुद्दा भी उठाया। डिंपल ने कहा, “काशी में बिजली को लेकर काशी के सांसद ने अभी तक मां गंगा की कसम नहीं खाई है।”
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी के रमजान-दिवाली पर बिजली वाले बयान के बाद अखिलेश लगातार अपनी जनसभाओं में मोदी से गंगा की कसम खाने का सवाल कर रहे हैं। अखिलेश का कहना है कि मोदी जी कसम खाकर बताएं कि काशी में 24 घंटे बिजली आती है या नहीं।
डिंपल ने कांग्रेस और सपा के गठबंधन पर विपक्ष के सवालों का भी जवाब दिया।
डिंपल ने कहा, “जो गठबंधन पर सवाल उठा रहे हैं, वे रक्षाबंधन की बात न भूलें। बुआ जी एक बार फिर राखी लेकर खड़ी हैं। कांग्रेस से गठबंधन क्या हो गया, इन्हें दर्द होने लगा।”
dharmpath.com dharmpath