भाजपा का योग ‘राजनीति का योग’ है : लालू

पटना, 21 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने रविवार को योग दिवस कार्यक्रम को आड़े हाथों लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह योग-शरीर स्वस्थ बनाने का नहीं, बल्कि राजनीति का योग है।

लालू ने सोशल साइट फेसबुक पर लिखा, “भाजपा के अधिकांश राष्ट्रीय नेताओं, केन्द्रीय नेताओं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों को वर्जिस (कसरत) करने की सख्त जरूरत है। भाजपा के अधिकांश नेताओं की चर्बी अधिक बढ़ गई है।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर ये लोग योग के इतने हिमायती रहते तो इनकी तोंद इतनी नहीं फूलती। रोज योग करने वाले लोग अलग ही दिखते हैं। एक दिन के लिए ये ढकोसला क्यों?”

उन्होंने कहा कि वे योग के विरोधी नहीं हैं, परंतु बेवकूफ बनाने और पाखंड के विरोधी हैं।

लालू ने कहा, “मजदूरों को योग की क्या जरूरत है, जो दिन भर शारीरिक श्रम करते हैं। किसान को योग करने की फुर्सत कहां है, वह तो दिनभर खेत-खलिहान में पसीना बहाता है।”

लालू ने लिखा है कि अहम मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए आने वाले दिनों में भाजपा ऐसे अनेकों दिवस मनाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493