भाजपा का 2 सीटों के साथ मणिपुर विधानसभा में खाता खुला

इंफाल, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मणिपुर विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव में दो सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य विधानसभा में अपना खाता खोल दिया है। दोनों सीटों पर मतदान 21 नवंबर को हुए थे।

एक निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, भाजपा उम्मीदवार थोंगम विश्वजीत सिंह ने थोंगजू तथा खुमुकचाम जयकिशन ने थांगमेईबंद सीट पर जीत दर्ज की। दोनों सीटों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस को मात खानी पड़ी है।

दल बदल विरोधी कानून के तहत 28 मई को विधानसभा अध्यक्ष लोकेश्वर सिंह ने ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के विधायकों -थोंगम विश्वजीत सिंह, खुमुकचाम जयकिशन तथा लुखोई सिंह- को अयोग्य घोषित कर दिया गया था, जिसके कारण उपचुनाव की नौबत आई।

मणिपुर उच्च न्यायालय ने हालांकि वांगोई निर्वाचन क्षेत्र से विधायक लुखोई सिंह के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष के आदेश पर रोक लगा दी है।

थांगमेईबंद में जयकिशन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ज्योतिम वैखोम को 1,907 मतों से हराया। इस सीट पर कुल 85 फीसदी मतदान हुआ था।

थोंगजू निर्वाचन क्षेत्र में विश्वजीत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के विजय कोईजाम को 3,213 मतों के अंतर से हराया। विश्वजीत को 14,606 मत मिले थे, जबकि कोईजाम को 11,393 मत मिले थे। वहीं 78 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया था। इस सीट पर रिकॉर्ड 92 फीसदी मतदान हुआ था।

मणिपुर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चाओबा सिंह ने आईएएनएनस से कहा, “ओकराम इबोबी सिंह की सरकार में राज्य में कोई महत्वपूर्ण प्रगति नहीं हुई। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं ने कांग्रेस को सिरे से खारिज कर दिया।”

वहीं कांग्रेस नेता वी.नारायणसामी ने टेलीफोन पर आईएएनएस से कहा, “हमारे उम्मीदवार उपचुनाव (मेघालय व मणिपुर) में हार गए हैं, जिसे लेकर हम बेहद चिंतित हैं। हम जल्द ही बैठक करेंगे और हार की समीक्षा करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493