भाजपा की विधायक अमानतउल्ला खान को आप से निष्कासित करने की मांग

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतउल्ला खान को आप से निष्कासित करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अमानतउल्ला खान ने यमुना नदी पर रविवार को सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के दौरान केजरीवाल व उप मुख्यमंत्री सिसोदिया के इशारे पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी पर हमला किया था।

भाजपा कार्यकर्ता चंदगी राम अखाड़े में जमा हुए और केजरीवाल के आवास की तरफ मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल व ओखला विधायक अमानतउल्ला के खिलाफ नारे लगाए।

इन भाजपा कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के आवास से कुछ मीटर पहले रोक दिया गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग व पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।

कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया।

दिल्ली भाजपा के महासचिव राजेश भाटिया ने कहा कि मनोज तिवारी पर हमला करके खान ने हर भाजपा कार्यकर्ता का अपमान किया है, जिसकी हर जगह निंदा की जानी चाहिए।

भाटिया ने कहा, “आज का प्रदर्शन सांकेतिक और शांतिपूर्ण है और हम केजरीवाल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने व अमानतउल्ला खान को बर्खास्त करने की मांग करते हैं।”

दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा कि केजरीवाल व खान ने सिर्फ तिवारी पर हमला नहीं किया है, बल्कि पूर्वाचल समुदाय पर हमला किया है।

उत्तरपूर्व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी से खान व उनके पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को वजीराबाद इलाके में सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन के दौरान हाथापाई की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493