तिरुवनंतपुरम, 6 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केरल के हस्तकरघा एवं अन्य पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा देगी। इनके लिए पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकार से अधिक धन मुहैया कराने का आग्रह किया है। केरल भाजपा के अध्यक्ष कुम्मानम राजशेखरन ने शनिवार को यह बात कही।
राजशेखरन ने संवाददाताओं से यहां कहा कि भाजपा की कोझिकोड में अगले माह राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। उसमें केरल के पारंपरिक उद्योगों को दर्शाने वाले एक मेले का आयोजन किया जाएगा।
राजशेखरन ने कहा, “जिस दिन परंपरागत उद्योग पांव जमा लेंगे, केरल की कहानी दूसरी हो जाएगी। क्योंकि वे हमेशा से सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। लेकिन उचित योजना और उपाय के अभाव में ये क्षेत्र राज्य में उपेक्षित बने रहे।”
प्रदेश के परंपरागत उद्योगों में हस्तकरघा, खादी, हस्तशिल्प, नारियल की जटा, बांस, बर्तन और काजू रहे हैं, जिनके जरिए लाखों लोगों खासकर महिलाओं की आजीविका चलती है।
राजशेखरन ने कहा, “हम सबने अपनी पार्टी के सदस्यों एवं दूसरों से 15 अगस्त को जब स्वतंत्रता दिवस समारोह होगा तब सभी को खादी का कपड़ा पहनना चाहिए। जिन-जिन जगहों पर हस्तकरधा उद्योग हैं वहां बैठकें और संगोष्ठियां की जाएंगी।”
भाजपा की राज्य इकाई इस क्षेत्र की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस पर वे मुश्किल के दौर से गुजर रहे पारंपरिक उद्योगों की मदद के लिए अपने राष्ट्रीय नेतृत्व से जरूरी राशि स्वीकृत कराने के लिए सरकार को तैयार कर सकें।
उन्होंने कहा कि कई सारी परियोजनाएं हैं, जिनके जरिए केंद्र सरकार इन उद्योगों को धन मुहैया करा सकती है। लेकिन उसके लिए राज्य सरकार को परियोजनाओं को पेश करने के लिए आगे आना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “हम कामना करते हैं कि यहां की नई सरकार यह करेगी। हम लोगों ने पाया है कि कई क्षेत्रों में परियोजनाओं के अभाव और दोषपूर्ण अमल की वजह से पैसे का उपयोग सही ढंग से नहीं हो पा रहा है।”
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक यहां 23 सितंबर को होनी है। इसके बाद 24 एवं 25 सितंबर को केरल के कोझिकोड में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक होनी है।
इस महासम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित करीब 3000 प्रतिनिधियों के आने की संभावना है।
dharmpath.com dharmpath