पटना, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) कहना है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में अमित शाह के नेतृत्व वाली भाजपा को 102 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए और बाकी सीटें अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ देनी चाहिए।
रालोसपा प्रमुख और केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा, “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अगले चुनाव में 243 में से 102 बिहार विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए और बाकी अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ देनी चाहिए।”
कुशवाहा ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव (2010) में भाजपा ने 102 और इसके सहायक जनता दल (युनाइटेड) ने 141 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
उन्होंने कहा कि रालोसपा 67 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को 74 सीटें मिलनी चाहिए।
कुशवाहा ने कहा, “लेकिन क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) भी है, तो भाजपा इसके लिए भी कुछ सीटें तय कर सकती है।”
कुशवाहा ने यह बयान उस वक्त दिया है, जब भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पटना के एक दिवसीय दौरे पर थे। कहा जा रहा है कि शाह ने बिहार के अपने वरिष्ठ पार्टी सदस्यों से सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया।
शाह ने इस साल की शुरुआत में घोषणा की थी कि उनकी पार्टी 243 में से 185 विधानसभा सीटें अपने दम पर जीतना चाहती है।
dharmpath.com dharmpath