भाजपा द्वारा पेश प्रधानमंत्री की डिग्री फर्जी : आप (लीड-1)

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता आशुतोष ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पेश की गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बी.ए. और एम.ए. की डिग्री फर्जी है और उसे फर्जी तरीके से तैयार किया गया है।

आशुतोष ने कहा, “अमित शाह और अरुण जेटली कोई भगवान नहीं हैं। दोनों के द्वारा पेश प्रधानमंत्री की बी.ए. और एम.ए. की डिग्री फर्जी है, क्योंकि अंक-पत्र और डिग्री पर दर्ज नाम और वर्ष अलग-अलग हैं।”

आशुतोष ने कहा, “1975 में जारी बी.ए. की प्रथम वर्ष की अंक तालिका में उनका नाम ‘नरेंद्र कुमार दामोदरदास मोदी’ है, जबकि द्वितीय वर्ष की अंक तालिका में उनका नाम ‘नरेंद्र दामोदरदास मोदी’ तथा तीसरे वर्ष 1977 में उनकी अंक तालिका में उनका नाम ‘नरेंद्र कुमार दामोदरदास मोदी’ है।”

कैमरे के सामने मोदी के अंक पत्रों व डिग्रियों को लहराते हुए आप नेता ने कहा, “लेकिन बी.ए. की डिग्री में उनका नाम ‘नरेंद्र दामोदरदास मोदी’ दर्शाया गया है। क्या किसी व्यक्ति का नाम बार-बार बदल सकता है?”

उन्होंने कहा, “जहां तक मेरी जानकारी है, नाम को बदलने के लिए कानूनी प्रक्रिया की जरूरत पड़ती है। आपको अपना नाम बदलने के लिए हलफनामा देने की जरूरत पड़ती है। कहां है हलफनामा?”

भाजपा द्वारा मीडिया को मुहैया कराए गए अंक पत्रों व डिग्रियों के मुताबिक, गुजरात विश्वविद्यालय द्वारा एम.ए. के प्रथम वर्ष की अंक तालिका में उनका नाम ‘मोदी नरेंद्र कुमार दामोदरदास’ है, जबकि द्वितीय वर्ष की अंक तालिका में उनका नाम ‘मोदी नरेंद्र दामोदरदास’ है।

स्नातकोत्तर की डिग्री में हालांकि उनका नाम ‘नरेंद्र दामोदरदास मोदी’ है।

आशुतोष ने अनियमितता की ओर इशारा करते हुए कहा, “नकल के लिए भी अकल की जरूरत होती है।”

शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मांग की है कि उन्हें मोदी के खिलाफ झूठे आरोप लगाने के लिए माफी मांगनी चाहिए। इसपर आशुतोष ने भाजपा अध्यक्ष शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री जेटली से कहा कि फर्जी दस्तावेज दिखाने के लिए दोनों को माफी मांगनी चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493