रायपुर, 14 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी से चार बार निलंबित हो चुके पूर्व सांसद सोहन पोटाई मंगलवार को पहली दफा मीडिया के सामने आए और खुलकर पार्टी के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि पार्टी में खोखलापन आया है।
पोटाई छत्तीसगढ़ के लोगों के हक की लड़ाई लड़ने की बात कर रहे हैं। वे भी अब नई पार्टी बनाकर अपनी अगली सियासी पारी की शुरुआत करने के लिए बेकरार हैं, उन्हें इंतजार है तो बस साल 2018 का जब वे भी चुनावी मैदान में उतरेंगे ।
उन्होंने मीडिया से कहा कि भाजपा अब अटल बिहारी बाजपेयी के आदर्शो वाली पार्टी नहीं रही। उन्हें भाजपा के साथ ही उसके नियंत्रण वाली किसी भी सरकार पर यकीन नहीं रहा।
सोहन पोटाई का कहना है कि 2018 में छत्तीसगढ़ के मूल निवासी की सरकार स्थापित करनी है। इसके लिए वह सभी जाति वर्गों के लिए लड़ना चाहेंगे।
उन्होंने कहा, “मैं छत्तीसगढ़ियों की गोद में हूं अब वे चाहे उछाल दे या गिरा दें।”
उन्होंने रमन सरकार पर उंगली उठाते हुए कहा कि सत्ता की मदहोशी के कारण पार्टी में खोखलापन आया है।
कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी बनाने जा रहे पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के हाथ थामने के मुद्दे पर उन्होंने साफ कहा, “मैं अजीत जोगी के साथ नहीं जाऊंगा।”
dharmpath.com dharmpath