भाजपा नेता की गिरफ्तारी पर ओडिशा विधानसभा में हंगामा

भुवनेश्वर, 21 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व मंत्री जयनारायण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा नेताओं ने ओडिशा विधानसभा में बजट सत्र के दूसरे दिन बुधवार को भी हंगामा किया, जिस वजह से सदन की कार्यवाही बाधित हुई।

भाजपा सदस्यों के विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समीप आकर नारेबाजी करने की वजह से सदन को तीन बार स्थगित करना पड़ा। भाजपा के सदस्य बारगढ़ जिले में बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ता के हत्या की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने की मांग कर रहे थे। इसी मामले में मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है।

भाजपा विधायक दल के नेता के.वी. सिहदेव ने कहा, “पुलिस बीजद एजेंट के तौर पर काम कर रही है। सत्तारूढ़ पार्टी पुलिस विभाग का इस्तेमाल अपने मजबूत राजनीतिक विरोधियों को गिरफ्तार करवाने में कर रही है। राजनीतिक लाभ उठाने के लिए मामले को दर्ज नहीं करवाया जाना चाहिए।”

उन्होंने अध्यक्ष से यह मामला सीबीआई को सौंपने के लिए सरकार को आदेश देने का आग्रह किया।

सरकार के मुख्य सचेतक अमर सतपथी ने कहा कि यह एक आपराधिक मामला है और पुलिस जांच से आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

मिश्रा को बानाबीरा गांव में गोली चलाने की घटना के संबंध में 15 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।

दूसरी तरफ, विपक्ष के नेता नरसिंह मिश्रा ने किसानों की समस्याओं की उपेक्षा करने के लिए भाजपा और बीजद, दोनों की आलोचना की।

मिश्रा ने कहा, “कांग्रेस ने किसानों के मुद्दे पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश किया, लेकिन भाजपा ने बीजद से मिलीभगत कर इस मुद्दे पर चर्चा से बचने के लिए सदन की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न किया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493