भाजपा ने कीर्ति आजाद को निलंबित किया (लीड-1)

नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को सांसद कीर्ति आजाद को निलंबित कर दिया।

आजाद ने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचारों का आरोप लगाया है।

भाजपा के महासचिव अनिल जैन ने आईएएनएस को बताया, “हां, उन्हें (आजाद) पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के चलते निलंबित कर दिया गया है।”

भाजपा के प्रवक्ता जी. वी. एल. नरसिम्हा राव ने कहा कि पार्टी ने बिहार के दरभंगा संसदीय क्षेत्र से तीन बार सांसद रह चुके आजाद को पार्टी के खिलाफ जाने के लिए निलंबित किया है।

आईसीसी विश्व कप-1983 विजेता टीम के सदस्य रहे कीर्ति आजाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने से पहले से भाजपा सांसद हैं, जिन्हें निलंबित किया गया है।

आजाद हालांकि पिछले कई वर्षो से डीडीसीए के खिलाफ बोलते रहे हैं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते रहे हैं।

दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने आजाद के निलंबन को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि आजाद को भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की सजा मिली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493