नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कथित ऑटो रिक्शा परमिट घोटाले को लेकर शनिवार को राज्य के परिवहन मंत्री गोपाल राय के इस्तीफे की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस घोटाले में शामिल हैं और पार्टी दिल्ली सचिवालय पर सोमवार को उनके खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
उपाध्याय ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग को भी पत्र लिखकर ऑटो रिक्शा परमिट वितरण में अनियमितताओं की शिकायत की है, साथ ही उनसे अनुरोध किया है कि वह परिवहन विभाग से इस संबंध में रपट मांगे तथा भ्रष्टाचार विरोधी शाखा को परमिट वितरण प्रक्रिया की जांच का आदेश दें।
दिल्ली सरकार ने तिपहिया वाहनों को लेटर ऑफ इंटरेस्ट (एलओआई) जारी करने में भ्रष्टाचार को लेकर परिवहन विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
तीन अधिकारियों में उपायुक्त (ऑटो रिक्शा यूनिट) रॉय बिस्वास, निरीक्षक मनीष पुरी, और क्लर्क अनिल यादव शामिल हैं। केजरीवाल की अध्यक्षता में शनिवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद तत्काल प्रभाव से इस सभी को निलंबित कर दिया गया।
dharmpath.com dharmpath