भाजपा ने बीजद पर लगाया हिंसा का आरोप

भुवनेश्वर, 19 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा प्रदेश इकाई ने सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) पर अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा फैलाने का सोमवार को आरोप लगाया।

भाजपा के ओडिशा मामलों के प्रभारी अरुण सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह के हमले राज्य में पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता के कारण किए जा रहे हैं।

अरुण सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, “राज्य में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का दौरा सफल होने के कारण सत्तारूढ़ पार्टी हताश है। प्रदेश में पार्टी की लोकप्रियता के चढ़ते ग्राफ से घबराकर उन्होंने अब हिंसा का सहारा लिया है और हमारे कार्यकर्ताओं से मारपीट कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “उत्कल विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव के एक उम्मीदवार पर कैंपस के अंदर ही बीजद के कुछ कार्यकर्ताओं ने हमला किया, वहीं आनंदपुर कॉलेज संघ के अध्यक्ष की पिटाई की गई और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के संयुक्त सचिव पर भी हमला किया गया।”

उन्होंने कहा कि धर्मशाला प्रखंड में भाजपा कार्यकर्ता सुलक्षणा दलाई को सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पीट-पीटकर मार डाला, लेकिन इस मामले में आरोपी रूपा दलाई के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में छोड़ दिया।

भाजपा ने पार्टी प्रवक्ता समीर मोहंती की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय समिति का गठन करने का फैसला लिया है, जो स्थिति का आकलन करेगी और राज्य के पुलिस महानिदेशक को एक रिपोर्ट सौंपेगी।

इस बीच, भाजपा ने 31 मार्च तक पार्टी सदस्यता के आंकड़े को लक्षित 40 लाख तक पहुंचाने का फैसला लिया।

भाजपा नेता ने कहा, “हमने अबतक 10 लाख सदस्य बनाए हैं और तीन दिनों का एक विशेष सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया है, जो 23 जनवरी से शुरू होगा।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493