तुरा (मेघालय), 21 जनवरी (आईएएनएस)। मेघालय में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभी तक गठबंधन पर कोई फैसला नहीं लिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तथा पूर्वोत्तर राज्यों व जम्मू एवं कश्मीर के प्रभारी राम माधव ने यहां शनिवार को संवाददाताओं से कहा, “हम अभी तक यहां आगंतुक मेहमान की तरह काम कर रहे हैं। लेकिन अब, भाजपा यहां ठहरने आई है। भाजपा गारो हिल्स के लिए आगंतुक अतिथि नहीं बनने जा रही। यह गारो हिल्स के लोगों की पार्टी बनने जा रही है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (एनईडीए) भाजपा के नेतृत्व वाला मोर्चा है। इसमें क्षेत्र की कई क्षेत्रीय पार्टियां शामिल हैं और यह एक ‘विकास गठबंधन’ है।
राम माधव गारो हिल्स के मुख्यालय तुरा में थे। 60 सीटों वाले मेघालय विधानसभा में गारो हिल्स क्षेत्र की 24 सीटें हैं, जबकि बाकी सीटें खासी जैंतिया हिल्स से हैं।
माधव ने कहा, “जब चुनाव आएगा, हम फैसला (गठबंधन के बारे में) करेंगे। जब हम फैसला करेंगे, हम आपकी (पार्टी कार्यकर्ताओं) राय से चलेंगे। हम आपका विचार मांगेंगे। अब काम करना मत रोकिए और केवल एक उद्देश्य से पार्टी को मजबूत कीजिए कि मेघालय में एक ऐसी सरकार बननी चाहिए, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए तैयार हो।”
यहां भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन करने वाले पार्टी के नेता ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि विधानसभा चुनाव में जो भी वक्त बचा है, उसमें कठिन परिश्रम करें। मेघालय में अगले साल चुनाव होना है।
dharmpath.com dharmpath