नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि उसने दिल्ली सरकार की सम-विषम योजना को असफल करने के लिए दिल्ली के कूड़ाघरों (डंपयार्ड) में आग लगवाई है।
‘आप’ ने कहा कि दिल्ली के विभिन्न डंपयार्ड में आग के कारण स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होंगी। ‘आप’ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
‘आप’ नेता दिलीप पांडे ने ट्विटर पर लिखा, “भाजपा दिल्ली में सम-विषम को असफल बनाने के लिए निम्नतम स्तर तक गिर रही है। नगर निगम डंपयार्ड में आग लगा रहे हैं और स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर रहे हैं। भाजपा दिल्ली को प्रदूषित कर रही है।”
पांडे ने कहा, “मोदी जी, दिल्लीवासियों से इतनी नफरत ठीक नहीं है। आपने दिल्ली में सम-विषम योजना को असफल करने के लिए डंपयार्ड में आग लगवा दी। दिल्ली को इस प्रकार मत मारिए।”
उन्होंने कहा, “आप (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) नगर निगम के जरिए दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। यह गलत ही नहीं है, बल्कि अमानवीय भी है। कृपया इसे रोकिए।”
dharmpath.com dharmpath