भाजपा ने 36 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए, पुरी से लड़ेंगे पात्रा (लीड-1)

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए 36 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। पार्टी ने अपने प्रवक्ता संबित पात्रा को ओडिशा की पुरी संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।

इस सूची को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की लंबी बैठक के बाद घोषित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह व अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी शामिल हुए।

पार्टी ने इस सूची में आंध्र प्रदेश से 23, महाराष्ट्र से छह, ओडिशा से पांच और मेघालय व असम से एक-एक उम्मीदवार की घोषणा की।

पार्टी ने आंध्र प्रदेश की 51 विधानसभा सीटों तथा ओडिशा की 22 विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।

महाराष्ट्र में पार्टी ने स्मिता उदय वाग को जलगांव से, प्रताप चिक्लकर को नांदेड़, डॉ. भारत पवार को डिंडोरी, गिरीश बापट को पुणे, कंचन कुल को बारामती और डॉ. जयसिद्धेश्वर स्वामी को सोलापुर लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है।

पात्रा को पुरी से उतारकर पार्टी ने उन अटकलों को विराम दे दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि धार्मिक नगरी से नरेंद्र मोदी चुनाव लड़ेंगे।

ओडिशा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बसंत कुमार पांडा को कालाहांडी से, सुरेश पुजारी को बरगढ़ से, नीतेश गंगा देव को संबलपुर से तथा जयराम पांगी को कोरापुट संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी द्वारा 22 विधानसभा सीटों पर घोषित उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग के बेटे शिशिर गमांग को गुनपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी ने इससे पहले, पहली सूची जारी कर 185 लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित किए थे जिनमें मोदी (बनारस), राजनाथ सिंह (लखनऊ), नितिन गडकरी (नागपुर) और शाह (गांधीनगर) प्रमुख उम्मीदवार थे।

सूची जारी करने के बाद केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि पार्टी पहले और दूसरे चरण के उम्मीदवारों के नाम जल्दी घोषित कर सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493