लखनऊ, 23 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच जारी वाकयुद्ध पर शनिवार को चुप्पी तोड़ते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
अपने आधिकारिक आवास में एक कार्यक्रम से इतर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नेता दयाशंकर सिंह ने बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ जो भी कहा वह आपत्तिजनक था, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि बसपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जिस प्रकार दयाशंकर के परिवार का अपमान किया, वह और भी दुखद है।
उन्होंने कहा, “यह सबकुछ एक ऐसे शहर में हो रहा है, जो अपनी एक अलग तहजीब के लिए जाना जाता है और राजनीतिज्ञों को आत्मविश्लेषण करना चाहिए कि वे अपने बयान में किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करें।”
मुख्यमंत्री ने दो बार गठबंधन करने वाले भाजपा व बसपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि चूंकि रक्षा बंधन अब नजदीक है, इसलिए दोनों पक्षों को सुलह कर लेनी चाहिए। कई साल पहले मायावती ने भाजपा नेता लालजी टंडन को राखी बांधी थी, जिसका वह संदर्भ स्वरूप उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने यह भी कहा कि बसपा व भाजपा नेताओं द्वारा एक दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी के संबंध में कानून अपना काम करेगा।
dharmpath.com dharmpath