लखनऊ/बरेली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सोमवार को एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी ने सोमवार को घोषणा की कि विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने साफतौर पर कहा कि भाजपा बिहार की तरह बिना चेहरे के ही चुनाव में उतरेगी।
मौर्य ने बरेली में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों को भाजपा के मुख्यमंत्री के चेहरे का इंतजार है। भाजपा अपनी स्पष्ट नीति पर चलते हुए बिना चेहरे के चुनाव लड़ेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी और सच्ची लोकतांत्रिक पार्टी है। पार्टी का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का चेहरा है, इसलिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने असम और दिल्ली में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था, जिनमें उसे असम में जीत मिली लेकिन दिल्ली में हार का सामना करना पड़ा। बाद में हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में चेहरा घोषित किए बिना चुनाव लड़ा गया, वहां पार्टी की जीत हुई।
भाजपा नेता ने दावा किया कि प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी और कें द्रीय संसदीय बोर्ड जिसका भी नाम घोषित करेगा, उत्तर प्रदेश के विधायक उसे ही मुख्यमंत्री मानेंगे।
dharmpath.com dharmpath