‘भाजपा बिहार में सिर्फ 102 सीटों पर लड़े’ (लीड-1)

पटना, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने शुक्रवार को कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा को सिर्फ 102 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए और बाकी अपने तीन सहयोगी दलों के लिए छोड़ देनी चाहिए।

रालोसपा प्रमुख और केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने यह अपील यहां संवाददाता सम्मेलन में की।

कुशवाहा ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव (2010) में भाजपा ने 102 और तब इसके सहायक रहे जनता दल (युनाइटेड) ने 141 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

उन्होंने कहा, “पिछली बार केवल एक सहायक दल था, लेकिन इस बार तीन सहायक दल हैं। भाजपा को इस पर ध्यान (चुनाव लड़ने वाली सीटों पर) देना चाहिए।”

कुशवाहा ने कहा कि रालोसपा 67 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को 74 सीटें मिलनी चाहिए। कुछ सीटें हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को भी दी जा सकती हैं।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इस साल की शुरुआत में घोषणा की थी कि उनकी पार्टी 243 में से 185 विधानसभा सीटें अपने दम पर जीतना चाहती है।

वहीं, दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जदयू ने 100-100 सीटों पर चुनाव लड़ने का निर्णय किया है। उन्होंने 40 सीटें कांग्रेस और तीन सीटें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकंपा) के लिए छोड़ी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493