भोपाल, 1 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में राज्य की तस्वीर बदल गई है, हर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बदलाव आया है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
विधानसभा में राज्यपाल रामनरेश यादव के अभिभाषण पर चल रही चर्चा में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा कि सरकार हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे आम आदमी का जीवन बदल गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य की विकास दर 10 प्रशित से ऊपर बनी हुई है। कृषि विकास दर 20 फीसदी के आसपास है। यही कारण है कि राज्य को लगातार चार वर्षो से कृषि कर्मण पुरस्कार मिल रहा है। यह संभव हुआ है किसानों की मेहनत और राज्य सरकार द्वारा उन्हें उपलब्ध कराई गई सुविधाओं से।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के शासनकाल 2002-2003 के मुकाबले आज स्थितियां अलग हैं। बिजली का उत्पादन बढ़ा है, सिंचाई क्षमता बढ़ी है, खाद्यान उत्पादन बढ़ा है। इतना ही नहीं किसानों को अपनी फसल का सही दाम भी मिल रहा है। शिक्षा की स्थिति सुधरी है, सरकारी अस्पतालों के प्रति आमजन का भरोसा बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का ही नतीजा है कि खाद्यान्न और दूध का उत्पादन बढ़ा है। उद्यानिकी के क्षेत्र में भी सफलता मिल रही है। वहीं दूसरी ओर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए औद्योगिकीकरण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बड़े उद्योगों के साथ मध्यम व कुटीर उद्योगों पर भी सरकार का विशेष ध्यान है।
उन्होंने बताया कि एक तरफ किसानों की स्थिति सुधरी है तो रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। युवाओं को उद्योग लगाने कर्ज दिलाया जा रहा है। महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रयास जारी हैं। नगरीय निकायों में 50 प्रतिशत और नौकरी में 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने हालांकि अपने शासनकाल में हुए घोटालों, उनकी जांच और किसानों द्वारा की गई आत्महत्या का जिक्र नहीं किया।
उन्होंने वादा किया कि राज्य के विकास का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, ताकि प्रदेश देश का अग्रणी राज्यों की कतार में रहे।
dharmpath.com dharmpath