भाजपा विरोधी पार्टियां भोपाल में जुटेंगी शुक्रवार को

भोपाल, 4 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी से दूरी रखने वाले कई दलों के नेता एक मंच पर आने वाले हैं। मौका है अखिल भारतीय महात्मा फुले समता परिषद द्वारा पूर्व सांसद सुखलाल कुशवाह के 54वें जन्मदिन पर निकाली जाने वाली लाठी रैली का।

अखिल भारतीय महात्मा फुले समता परिषद के अनुसार, छोला दशहरा मैदान में होने वाली लाठी रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव और प्रकाश अंबेडकर खास तौर पर मौजूद रहेंगे।

एक तरफ जहां भाजपा दलित व आदिवासियों को जोड़ने का गणित बना रही है, ठीक उसी तरह विरोधी भी रणनीति बना रहे हैं।

शुक्रवार की रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जुबेर अहमद, सत्यशोधक समाज के संयोजक सरदार सिंह, अखिल भारतीय महात्मा फुले समता परिषद अध्यक्ष सिद्धार्थ सुखलाल कुशवाहा, अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक गुलजार सिंह मरकाम, जदयू (शरद) के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद यादव और कांग्रेस विधायक हिना कांवरे खास तौर पर मौजूद रहेंगी।

सूत्रों का कहना है कि भाजपा विरोधी पार्टियों से जुड़े लोगों का एक मंच पर आना आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी माना जा रहा है। राज्य में समाजवादी विचारधारा के लोगों के बीच शरद यादव की, तो आदिवासियों में गुलजार मरकाम की गहरी पैठ है। इन दोनों के बीच गोविंद यादव पुल का काम कर रहे हैं।

गुजरात में भाजपा की सीटें घटने और कांग्रेस की बढ़ने के बाद भाजपा विरोधियों में नई उम्मीद जगी है। लिहाजा, कांग्रेस मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन का नया प्रयोग कर सकती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493