भाजपा सांप्रदायिक तनाव फैलाना चाहती है : राहुल

मधुबनी, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर चलकर विभिन्न समुदायों के बीच सांप्रदायिक तनाव फैलाना चाहती है।

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, “चुनाव में हार को देखकर मोदी जी गुस्से में हैं। यही कारण है कि अब वह महागठबंधन को गाली देते हैं, कभी शैतान कहते हैं तो कभी तांत्रिक कहते हैं। कभी थ्री इडिएट्स भी कह डालते हैं। यह प्रधानमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता।”

कांग्रेस के नेता ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा के लोग बिहारियों को पीटते हैं, परंतु प्रधानमंत्री ने अब तक इस मुद्दे पर बात नहीं की है। मोदी कभी किसान, मजदूर और गरीब की बात नहीं करते।

राहुल ने भाजपा पर एक-दूसरे से लड़वाने का आरोप लगाते हुए कहा, “जहां भी चुनाव होता है, वहां ये लोग एक हिन्दुस्तानी को दूसरे हिन्दुस्तानी से लड़वाते हैं। हिन्दू को मुसलमान से लड़ाते हैं। लोगों में फूट डालो और शासन करो, यही इनकी नीति है। बिहार में भी यही कोशिश की गई, लेकिन वे इसमें असफल हो गए।”

उन्होंने महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले वर्षो में जो विकास कार्यक्रम शुरू किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाएंगे। भाजपा पर उन्होंने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं करने को लेकर भी निशाना साधा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493