भाजपा सांसद कीर्ति आजाद की पत्नी आप से जुड़ेंगी

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी से निलंबित नेता एवं सांसद कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद 13 नवंबर को आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़ेंगी।

आप नेता संजय सिंह ने यहां पूनम के आवास पर उनसे मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, “पूनम आजाद आधिकारिक तौर पर 13 नवंबर को पार्टी से जुड़ेंगी।”

पूनम ने 2003 का दिल्ली विधानसभा चुनाव तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ लड़ा था। वह फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई की प्रवक्ता हैं।

पूनम ने फिलहाल इस मुद्दे पर कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि वह आप से जुड़ने के बाद ही इस पर कुछ बोलेंगी।

पूनम के एक करीबी सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि वह भाजपा में 20 साल से भी अधिक समय तक सेवा देने के बावजूद पार्टी नेतृत्व द्वारा की जा रही उपेक्षा से आहत थीं।

पूनम आजाद के एक निकट सहयोगी ने आईएएनएस से कहा, “पिछले दो विधानसभा चुनावों में उन्हें सिर्फ इसलिए टिकट नहीं दिया गया, क्योंकि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता को उनके परिवार के प्रति कुछ आपत्तियां हैं। यहां तक कि उनके बेटे को भी एमसीडी चुनाव के लिए टिकट नहीं दिया गया।”

सूत्र के अनुसार, “अपने सम्मान के लिए अंतत: उन्होंने आप का चयन किया।”

कीर्ति आजाद बिहार में दरभंगा से लोकसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं। उन्हें दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में भाजपा के वरिष्ठ नेता व मौजूदा केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के अध्यक्ष रहते हुए भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाए जाने के बाद पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493