भाजपा सांसद ने की नीतीश की तारीफ

पटना, 12 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद आऱ क़े सिन्हा ने शुक्रवार को एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी नीयत पर कोई शक नहीं है और उनके ‘सात निश्चय’ भी राज्य के हित में हैं।

पटना में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए राज्यसभा सांसद सिन्हा ने कहा, “नीतीश के सात निश्चय राज्य के हित में हैं और मुख्यमंत्री की नीयत पर भी शक नहीं है।”

इसके बाद उन्होंने हालांकि सवालिया लहजे में कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था का जो हाल है, उसमें सात निश्चय लागू कैसे होंगे? इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री को राज्य में कानून व्यवस्था की हालत सुधारने की नसीहत भी दे दी।

दो दिन पहले भी उन्होंने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा था, “नीतीश कुमार एक नेकदिल इंसान हैं और उनकी छवि साफ-सुथरी है।”

उल्लेखनीय है कि एक और सिन्हा, यानी बिहार के पटना साहिब से भाजपा सांसद व फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा नीतीश के मुरीद हैं। ‘बिहारी बाबू’ कई मौकों पर नीतीश की तारीफ कर चुके हैं। मध्यप्रदेश निवासी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजय वर्गीय हालांकि ‘बिहारी बाबू’ की तुलना बैलगाड़ी के नीचे चलने वाले ‘कुत्ते’ से कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493