भाजपा ‘सुपर निर्वाचन आयोग’ बन गई है : कांग्रेस

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष द्वारा कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा निर्वाचन आयोग (ईसी) से पहले करने पर भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता कसौटी पर है। कांग्रेस ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी एक ‘सुपर निर्वाचन आयोग’ बन गई है।

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, मनीष तिवारी और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि भाजपा पदाधिकारियों द्वारा तारीखों की घोषणा करना अभूतपूर्व और लोकतंत्र को खतरे में डालने वाला है।

भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमित मालवीय ने सुबह ट्वीट कर कर्नाटक चुनाव की तारीखों की घोषणा ईसी से पहले कर दी थी। बाद में उन्होंने ट्वीट हटा लिया था।

सुरजेवाला ने कहा कि मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए और भाजपा अध्यक्ष को नोटिस जारी किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “ईसी से पहले कर्नाटक चुनाव की तारीखों की घोषणा करने से भाजपा अब सुपर निर्वाचन आयोग बन गई है। ईसी की विश्वसनीयता कसौटी पर है।”

सुरजेवाला ने कहा, “क्या ईसी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को नोटिस जारी करेगा और ईसी की गुप्त जानकारी का खुलासा करने के लिए भाजपा आईटी अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी।”

तिवारी ने कहा कि भाजपा पदाधिकारी द्वारा किए गए ट्वीट ने आयोग की विश्वसनीयता को प्रभावित किया है।

तिवारी ने कहा, “यह अभूतपूर्व है। टीवी चैनल और भाजपा पदाधिकारी ईसी से पहले चुनाव की तारीखों की घोषणा कर रहे हैं। यह न केवल लोकतंत्र, बल्कि ईसी की विश्वसनीयता को खतरे में डालता है। अतीत में कभी भी इस तरह की कोई घटना नहीं हुई।”

सिंधिया ने घटना को हास्यास्पद करार दिया और कहा कि संबंधित अधिकारियों को इसके लिए स्पष्टीकरण देना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493