नई दिल्ली, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाकर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को घेरे में लाने वाले दरभंगा से सांसद कीर्ति आजाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से अपने निलंबन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किए हैं। उन्हें इस मामले में पार्टी नेता सुब्रमण्यम स्वामी से भी समर्थन मिला है।
कीर्ति ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, “मुझे निलंबन नोटिस मिला है और मैं इसका जवाब दूंगा। सुब्रमण्यम स्वामी ने मुझे नोटिस का जवाब लिखने में मदद करने का आश्वासन दिया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर सच बोलना अपराध है, तो वह यह अपराध बार-बार करते रहेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पूरे मामले में संज्ञान लेने की अपील की।
कीर्ति का आरोप है कि जिस समय जेटली डीडीसीए के अध्यक्ष रहे, उस वक्त इस क्रिकेट निकाय में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। जेटली 2013 तक 13 साल के लिए डीडीसीए के अध्यक्ष रहे। इस मामले को लेकर लगातार मुखर रहे कीर्ति को भाजपा ने बुधवार को ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ में संलिप्तता के आरोप में पार्टी से निलंबित कर दिया।
कीर्ति के बचाव में सुब्रमण्यम ने कहा कि ‘उन्हें नहीं लगता कि पार्टी को आजाद जैसे ईमानदार व्यक्ति को गंवाना चाहिए।’
उन्होंने कहा, “मैं भाजपा के नोटिस का जवाब देने में (कीर्ति) आजाद की मदद करूंगा। मुझे उनकी सहायता करने का पूरा अधिकार है।”
कीर्ति ने कहा कि वह यह जानना चाहते हैं कि क्या उन्हें डीडीसीए में व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलासा करने पर निलंबित किया गया है?
उन्होंने कहा, “अगर सच बोलना अपराध है, तो मैं यह अपराध करता रहूंगा।”
कीर्ति ने कहा, “मैं एक सांसद हूं। मैंने कुछ चिंताएं जाहिर की और मुझे निलंबित कर दिया गया। मेरी मांग है कि डीडीसीए मुद्दा तीन माह में सुलझाया जाए।”
उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि मोदी स्वयं पूरे मामले को देखें और मुझे बताएं कि मेरी गलती कहां है, मैं जवाब चाहता हूं।’
उन्होंने कहा, “मैं यह भी आशा करता हूं कि भाजपा ‘मार्गदर्शक मंडल’ इस मामले पर ध्यान देगा।”
कीर्ति बिहार के दरभंगा संसदीय क्षेत्र से तीन बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। वह वर्ष 1983 में क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।
वह पिछले साल मई में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पार्टी से निलंबित किए गए पहले भाजपा सांसद हैं।
dharmpath.com dharmpath