भारतीय ओलम्पिक दल के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगे गोयल

नई दिल्ली, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने गुरुवार को रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से उनकी प्रतिक्रियाएं मांगी हैं ताकि वे रियो ओलम्पिक में भारत के प्रदर्शन की समीक्षा कर सकें और आगामी टूर्नामेंटों में भारत का प्रदर्शन सुधारने पर काम कर सकें।

गोयल ने भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) और कई राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को पत्र लिखकर रियो में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा करने के लिए और अपने सुझाव देने के लिए भी कहा।

खेल मंत्रालय की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार, “खेल मंत्री ने रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को व्यक्तिगत तौर पर पत्र भेजकर उनकी प्रतिक्रियाएं और सुझाव मांगे। उन्होंने पत्र में लिखा है कि खिलाड़ी बिना झिझक अपने सुझाव या प्रतिक्रियाएं किसी भी समय व्यक्तिगत तौर पर या ईमेल के जरिए दे सकते हैं।”

वक्तव्य में आगे कहा गया है, “अपनी चिट्ठी में खेल मंत्री ने खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया पर ज्यादा जोर दिया है, ताकि देश में विश्वस्तरीय खिलाड़ियों का दल खड़ा किया जा सके और खेल अवसंरचनाओं में सुधार किया जा सके।”

वक्तव्य के अनुसार गोयल जल्द ही इस संबंध में आईओए और विभिन्न एनएसएफ के साथ बैठकें करेंगे। इसके अलावा भारतीय दल के साथ रियो गए कई अधिकारियों की भूमिका भी जांच की जाएगी।

गोयल इसी महीने हैदराबाद स्थित गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी भी जाएंगे। गौरतलब है कि इसी अकादमी से निकलकर सायना नेहवाल ने लंदन ओलम्पिक में कांस्य और पी. वी. सिंधु ने रियो ओलम्पिक में रजत पदक जीता।

इसके अलावा गोयल भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के देश के विभिन्न हिस्सों में मौजूद केंद्रों का भी दौरा करेंगे और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों की तैयारियों का जायजा लेंगे।

रियो में भारत ने 117 खिलाड़ियों का दल भेजा था लेकिन वे सिर्फ दो पदक जीत सके। भारत को बैडमिंटन में रजत मिला जबकि महिला कुश्ती में कांस्य हासिल हुआ। लंदन ओलम्पिक में भारत ने तीन रजत के साथ कुल छह पदक जीते थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493