नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। विभिन्न खेलों में प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) 119 प्रशिक्षकों के साथ करार करने वाला है।
देश में खेल के प्रचार-प्रसार एवं विकास को जारी रखने के लिए साई ने विभिन्न खेलों के लिए एक वर्ष की अवधि के लिए योग्य व्यक्तियों से आवेदन मंगाए हैं।
साई ने फरवरी, 2014 में 19 वर्षो के बाद नियमित आधार पर 172 प्रशिक्षकों की नियुक्ति की थी। साई अब दूसरी बार इतने बड़े पैमाने पर नियुक्तियां करने वाला है।
साई की इस पहल के अंतर्गत प्रशिक्षकों को दो विभिन्न जोन के लिए नियुक्त किया जाएगा। साई के इंफाल में स्थित पूर्वोत्तर केंद्र के लिए एक जोन के तहत नियुक्तियां होंगी जिसके अधीन अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम आता है।
दूसरे जोन के तहत शेष भारत के लिए नियुक्तियां की जाएंगी।
प्रशिक्षकों को जिन खेलों के लिए नियुक्त किया जाएगा उनमें मुक्केबाजी, तीरंदाजी, फुटबाल, कुश्ती और भारोत्तोलन शामिल हैं।
साई के महानिदेशक एनजेती श्रीनिवास ने कहा, “हमारा उद्देश्य हमेशा से खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहता है और कोचिंग इस प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। हमारा यह कदम कोचिंग को मजबूती प्रदान करने के लिए उठाया गया है।”
साई इसके अलावा पोर्ट ब्लेयर स्थित अपने विशेष एरिया गेम्स सेंटर पर साइक्लिंग, कैनोइंग और कयाकिंग के लिए तीन प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी करेगा।
dharmpath.com dharmpath