रियो डी जनेरियो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के पुरुष हॉकी टीम के कोच रोलेंट ओल्टमैंस ने रियो ओलम्पिक में कनाडा के खिलाफ हुए मुकाबले में टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताई है।
भारतीय हॉकी टीम और कनाडा के बीच शुक्रवार को हुआ रियो ओलम्पिक का ग्रुप मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा।
भारतीय टीम का पूल-बी में यह आखिरी ग्रुप मुकाबला था और इस ड्रॉ के साथ पूल में उसका तीसरा स्थान पक्का नहीं रह गया। हालांकि भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल में जरूर प्रवेश कर चुकी है।
इस मुकाबले में जिस प्रकार से भारतीय टीम ने गोल किए हैं, उससे ओल्टमैंस बिल्कुल भी खुश नहीं हैं।
ओल्टमैंस ने कहा, “मैं टीम के आज (शुक्रवार) के प्रदर्शन से बिल्कुल भी खुश नहीं हूं। हमें दूसरे और तीसरे चरण में अधिक गोल हासिल करने चाहिए थे। अगर हम ऐसा करते, तो आगे जा सकते थे।”
कोच ने कहा कि भारतीट टीम ने कनाडा को कई अवसर दिए और इस कारण मुकाबला ड्रॉ हुआ। खिलाड़ियों को इससे सबक सीखने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “मुकाबले के दूसरे चरण में खिलाड़ियों की ऊर्जा का स्तर गिरता नजर आ रहा था। उन्होंने गोल करने के लिए मिले कई अवसर गंवा दिए। मेरी नजर से इस चरण में हमें गोल कर काफी अंतर बना लेना चाहिए था।”
33 मिनट तक मैच के गोलरहित रहने के बाद आखिरकार आकाशदीप सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर भारत के लिए पहला गोल दाग दिया।
भारतीय टीम इस बीच फील्ड में अपेक्षित तेजी नहीं दिखा सकी और दोनों ओर से गोल की कोशिशें होती रहीं। मैच के 41वें मिनट में वी. आर. रघुनाथ ने डी के ठीक बाहर से दमदार और सटीक शॉट खेला, जिसे रमनदीप सिंह को सिर्फ दिशा देनी पड़ी। इस गोल के साथ भारतीय टीम ने तीसरा क्वार्टर 2-1 की बढ़त के साथ समाप्त किया।
कनाडा के लिए इस मुकाबले में दोनो गोल टीम के कप्तान स्कॉट टपर ने किए।
ओल्टमैंस ने कहा, “हमने फायदा उठाया लेकिन इसका कुछ खास फायदा नहीं हुआ। इस प्रकार की स्थितियों से खिलाड़ियों को अवगत होना चाहिए।”
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच का मानना है कि मुकाबले में दो गोल करने के बाद टीम ने अपना ध्यान खो दिया। गोल करने के बाद अतिउत्साहित होने की जरूरत नहीं है और खिलाड़ियों को अपनी फार्म में बने रहना चाहिए।
भारतीय टीम कुल सात अंकों के साथ पूल-बी में तीसरे स्थान पर है, जबकि कनाडा सबसे निचले पायदान पर रहते हुए ओलम्पिक से बाहर हो चुका है।
भारतीय टीम का मुकाबला रविवार को बेल्जियम के साथ होगा।
भारतीय टीम के गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश का कहना है कि उन्हें क्वार्टर फाइनल के बड़े मुकाबले से पहले अपनी तैयारियों को पुख्ता करना होगा।
dharmpath.com dharmpath