नई दिल्ली, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। खेल मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि अंतर्राष्ट्रीय पैरालम्पिक समिति (आईपीसी) द्वारा भारतीय पैरालम्पिक दल की किट को लेकर चिंता व्यक्त किए जाने के बाद किट संबंधी समस्या को सुलझा लिया गया है।
मंत्रालय द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक, आईपीसी अध्यक्ष ने भारतीय दल के किट को लेकर प्रश्न उठाए थे और खेलों के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित किए जाने की चेतावनी दी।
मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है, “भारतीय दल के अध्यक्ष ने बताया है कि किसी भी तरह के टूर्नामेंट में प्रतिभागी देशों की किट का निरीक्षण किया जाता है। यह पैरालम्पिक-2016 में भी हो रहा है। निरीक्षण के बाद आईपीसी ने भारत सहित कई देशों के दलों को जरूरी सुझाव दिए हैं।”
बयान में कहा गया है, “भारत की उद्घाटन समारोह में पहनी जाने वाली किट को लेकर जो मुद्दा उठा था वह निपट गया है। जरूरी बदलाव कर लिए गए हैं, जिन्हें आईपीसी की मंजूरी भी मिल गई है।”
उन्होंने कहा, “भारतीय दल के अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय पैरालम्पिक दल उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने को तैयार है।”
ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जनेरियो की मेजबानी में गुरुवार से पैरालम्पिक खेल शुरू हो रहे हैं, जो 18 सितंबर तक चलेंगे। बुधवार को उद्घाटन समारोह होना है।
dharmpath.com dharmpath