मडगाव, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने तकनीकी समन्वय के उद्देश्य से मंगलवार को जर्मन फुटबाल संघ (डीएफबी) के साथ करार किया।
एआईएफएफ की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, एआईएफएफ के महासचिव कुशाल दास और डीएफबी के निदेशक (कोच, एजुकेशन एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध) मार्कस वीडनर ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
एआईएफएफ इसी वर्ष फरवरी में जापान फुटबाल संघ के साथ भी एक समझौता कर चुका है।
डीएफबी के साथ हुए समझौते का उद्देश्य प्रशिक्षकों की शिक्षा, जमीनी स्तर के कार्यक्रम एवं युवा खिलाड़ियों के विकास पर विशेष बल देना है।
दास ने उम्मीद व्यक्त की है कि यह समझौता भारत में फुटबाल का स्तर सुधारने की राह खोलेगा।
दास ने कहा, “डीएफबी के साथ यह समझौता कर हम अत्यधिक सम्मानित महसूस कर रहे हैं। यह समझौता भारतीय फुटबाल के तकनीकी विकास के रास्ते खोलेगा।”
दास ने आगे कहा, “जर्मनी विश्व चैम्पियन है और दुनिया में निरंतर शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम के रूप में विख्यात है। यहां से भारतीय टीम को सिर्फ फायदा ही होने वाला है।”
dharmpath.com dharmpath