कोलकाता, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कटक में हुए दूसरे टी-20 मैच में बेहद खराब प्रदर्शन करने के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने तीसरे मैच के लिए बुधवार को ईडन गरडस मैदान में जमकर पसीना बहाया।
ईडन में गुरुवार को श्रृंखला का तीसरा और आखिरी टी-20 मैच होना है।
भारतीय टीम हालांकि शुरुआती दोनों मैच हारकर पहले ही श्रृंखला गंवा चुकी है।
गुरुवार के मैच से पहले भारतीय टीम ने बुधवार को ईडन में जमकर अभ्यास किया। टीम ने पहले थोड़ी देर फुटबाल खेला। उसके बाद भारतीय टीम के सभी प्रमुख बल्लेबाजों ने नेट पर जमकर बल्लेबाजी का अभ्यास किया।
गौरतलब है कि भारतीय टीम कटक टी-20 में मात्र 92 रनों पर ढेर हो गई थी।
कप्तान महेंद्र सिंह दौनी अभ्यास के दौरान भी काफी आक्रामक नजर आ रहे थे। अक्षर पटेल और अन्य स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ धौनी ने कई बार आगे निकलकर शॉट खेले।
विराट कोहली ने काफी देर तक रक्षात्मक अंदाज में खेला और उसके बाद कुछ तेज शॉट भी लगाए, जो गेंदबाज के बगल से होकर पानी की बोतलें रखने वाली पेटियों से टकराए।
पिछले दोनों मैचों से बाहर रहे मध्य क्रम के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भी करीब 45 मिनट तक जमकर बल्लेबाजी का अभ्यास किया।
अनुभवी स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, “रहाणे बेहद कुशल बल्लेबाज हैं, इसमें कहीं कोई संदेह नहीं है। यह टीम प्रबंधन पर निर्भर करता है कि किसी मैच में जीत हासिल करने के लिए वे किस टीम संयोजन को सर्वश्रेष्ठ मानते हैं। हमें उनके फैसले का इंतजार करना होगा।”
dharmpath.com dharmpath