भारतीय मूल के रावल न्यूजीलैंड टेस्ट टीम में, सोढ़ी की वापसी (लीड-1)

क्राइस्टचर्च, 10 जून (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। ऑकलैेंड के भारतीय मूल के बल्लेबाज जीत रावल को पहली बार टीम में जगह मिली है। वहीं, भारत में हुए टी-20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले लेग स्पिनर इश सोढ़ी की टीम में वापसी हुई है।

हरफनमौला खिलाड़ी कोरी एंडरसन को पीठ में चोट के कारण टीम से बाहर रखा गया है।

27 वर्षीय रावल ने घरेलू चार दिवसीय मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया था। उनका प्रथम श्रेणी क्रिकेट में औसत 43.85 का है। 2015-16 के सत्र में उन्होंने 55.71 के औसत से रन बनाए थे। जिसमें तीन शतक भी शामिल हैं।

रावल, मार्टिन गुपटिल और टॉम लाथम के बाद टीम के तीसरे सलामी बल्लेबाज होंगे। ब्रेंडन मैक्लम के संन्यास लेने के बाद मध्यक्रम की जिम्मेदारी अनुभवी रॉस टेलर पर होगी। वह फरवरी में आस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई टेस्ट श्रृंखला में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे।

मिशेल सेंटनर और मार्क क्रेग के बाद सोढ़ी टीम में तीसरे स्पिन गेंदबाज होंगे। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2014 नवंबर में शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था।

टीम के मुख्य कोच माइक हेसन ने कहा कि रावल टीम में जगह पाने के हकदार थे। उन्होंने सोढ़ी की भी तारीफ की।

हेसन ने टीम के चयन पर कहा, “जीत ने प्लंकट शील्ड टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले एक साल में हमने उनकी परिपक्वता और फैसले लेने की क्षमता में सुधार देखा है।”

उन्होने कहा, “उन्होंने परिस्थतियों के साथ ताल-मेल बिठाना सीख लिया है और न्यूजीलैंड ए के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए हमें लगता है कि वह अंतर्राष्ट्रीय स्थर पर खेलने को तैयार हैं।”

सोढ़ी पर हेसन ने कहा, “सोढ़ी ने पिछले सत्र के दूसरे चरण में खेल के सभी प्रारुपों ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने प्लंकट शील्ड में शानदार प्रदर्शन किया था।”

न्यूजीलैंड की टीम जिम्बाब्वे में दो टेस्ट खेलेगी उसके बाद दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होगी जहां उसे डरबन और सेन्चुरियन में दो टेस्ट मैच खेलने हैं।

टीम :

केन विलियमसन (कप्तान), ट्रेंट बाउल्ट, डग ब्रेसवेल, मार्क क्रेग, मार्टिन गुपटिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, हेनरी निकोलस, ल्यूक रोंची, जीत रावल, मिशेल सेंटनर, इश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर, निल वेंगनर, बी.जे. वॉटलिंग।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493