नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। फिनएयर ने एक भारतीय यात्री को मदद मिलने में हुए विलंब के लिए माफी मांगी है।
फिनएयर के विमान एवाई832 से लंदन से हेलसिंकी जा रही एक भारतीय यात्री रंजिनी नारायण 15 सितंबर को विमान से उतरते समय फिसल गई थीं, जिसके कारण उनके जबड़े की हड्डी टूट गई और उनके चार दांत टूट गए। इसके बाद वह हवाईअड्डे पर दर्द से 29 मिनट तक तड़पती रही, जब जाकर उन्हें मदद मिली।
इसपर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए फिनएयर ने एक ई-मेल में कहा कि हेलसिंकी हवाईअड्डे पर विमान से उतरते वक्त महिला यात्री गिर गई थीं। एयरलाइन ने कहा, “इस दुर्घटना को लेकर हम बेहद शर्मिदा हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
रंजिनी की बेटी विद्या नारायण स्वामी ने आईएएनएस से कहा, “विश्वास कीजिए या नहीं! मौके पर 29 मिनट तक कोई एंबुलेंस नहीं आया। लापरवाही ऐसी कि जब एंबुलेंस आई, तो बुरी तरह घायल उस महिला के साथ अस्पताल जाने के लिए एयरलाइंस का कोई आदमी नहीं था।”
लंदन से कानून में स्नातकोत्तर की डिग्री लेकर लंदन से वापस दिल्ली लौट रही विद्या ने कहा कि फिनएयर के चालक दल ने हमें यह कहकर उलझाए रखा कि बस जल्द ही एंबुलेंस आ रही है।
विद्या ने कहा, “हमें बाद में हेलसिंकी के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां एक चिकित्सक मिला, जो चमत्कारिक ढंग से भारतीय मूल का निकला। उन्होंने उनका इलाज किया और दवाएं देते हुए बताया कि दुर्घटना में उन्हें मस्तिष्क संबंधी कोई समस्या नहीं हुई है।”
dharmpath.com dharmpath