भारतीय यू-16 फुटबाल टीम यूरोप की टीमों के खिलाफ तैयार : निकोलाई

मडगांव, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की अंडर-16 फुटबाल टीम के कोच निकोलाई एडम ने गुरुवार को कहा कि उनकी टीम ब्रिक्स फुटबाल टूर्नामेंट में यूरोप की टीमों के खिलाफ खेलने को पूरी तरह तैयार है।

भारत को हाल ही में रूस के हाथों 0-1 से हार झेलनी पड़ी थी।

अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने अपनी वेबसाइट पर निकोलाई के हवाले से लिखा है, “हमारे अंदर रूस जैसी यूरोप की शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने का माद्दा है। हालांकि अभी हमें काफी मेहनत करनी है। अगले साल होने वाले फीफा विश्व कप में कड़ी प्रतिस्पर्धा देने के लिए हमारी टीम में सुधार करने की ललक है।”

उन्होंने कहा, “मैं खुद इस बात को देखकर हैरान हो गया था कि हम अच्छी प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और विश्व की बड़ी टीमों को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।”

भारत बुधवार को रूस के खिलाफ बामबोलिम स्टेडियम में हुए मुकाबले में काफी करीबी मैच में हार गया था।

निकोलई ने कहा, “रूस उन देशों में से है जिनमें अगले साल होने वाले अंडर-17 विश्व कप में क्वालीफाई करने की काबिलियत है और हमें उनके खिलाफ अच्छा खेलना था। हमने काफी कड़ा मुकाबला खेला और गोल करने के कई मौके बनाए।”

भारत को अपने अगले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है।

कोच ने इस मुकाबले को लेकर कहा, “हमें इस टूर्नामेंट में अलग तरह की फुटबाल शैलियों को अपनाना पड़ेगा। हम पहले ही रूस में यूरोपीयन शैली को देख चुके हैं और अब हम अफ्रीकन शैली को देखने को तैयार हैं।”

कोच ने कहा, “हम मैच जीतने के प्रबल दावेदार नहीं हैं क्योंकि दक्षिण अफ्रीका शारीरिक और आक्रामक रूप से हमसे मजबूत है। वह मैच में कभी भी गोल करने की काबिलियत रखते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493