भोपाल, 25 मई (आईएएनएस)। भारत में अमेरिका के राजदूत रिचर्ड आर. वर्मा ने कहा है कि भारत और अमेरिका के संबंधों में मजबूती आई है। दोनों देश हर क्षेत्र में साथ-साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।
रिचर्ड ने बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के दौरान यह बात कही। वर्मा ने मध्य प्रदेश में आर्थिक निवेश, महिला सशक्तिकरण और धार्मिक स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा की।
उन्होंने मध्य प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में हुई प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में क्लीन और ग्रीन ऊर्जा के क्षेत्र में काम करने की बहुत संभावनाएं हैं।
इस पर मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा, “विश्व का सबसे बड़ा 750 मेगावाट का सौर संयंत्र रीवा में लग रहा है। एशिया का सबसे बड़ा 135 मेगावाट क्षमता का सौर संयंत्र नीमच में स्थापित है। अगले दो साल में रीवा का संयंत्र शुरू हो जाएगा।”
आधिकारिक तौर पर जारी बयान में कहा गया है, “मुख्यमंत्री ने रिचर्ड वर्मा को बताया कि प्रदेश दो अंक में विकास दर बनाए हुए है और संभवत: विश्व में सबसे ज्यादा कृषि विकास दर वाला राज्य है।”
बयान में कहा गया है, “जल-संवर्धन के क्षेत्र में प्रदेश में अभूतपूर्व काम हुआ है। प्रदेश में सरकार और समुदाय मिलकर काम करते हैं। हाल ही में उज्जैन में हुए सिंहस्थ महाकुम्भ का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि सरकार और लोगों के परस्पर सहयोग से आठ करोड़ श्रद्धालु उज्जैन आए।”
शिवराज ने बताया, “जल्द ही नदियों को जीवन दान देने का अभियान भी जन-सहयोग से चलाया जाएगा। नर्मदा जैसी नदियां, जो ग्लेशियर से पानी नहीं लेतीं, उनके लिए वनस्पति ही जीवन स्रोत है। इसीलिए यह निर्णय लिया गया है कि लोगों की भागीदारी से नर्मदा नदी के दोनों किनारों पर एक-एक किलोमीटर के दायरे में बड़ी संख्या में वृक्षारोपण किया जाएगा। किसानों से फलदार वृक्ष लगाने का आग्रह किया गया है।”
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आर्थिक निवेश की स्थिति पर चर्चा करते हुए बताया, “21, 22 और 23 अक्टूबर, 16 को इन्दौर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है। अमेरिका के निवेश समुदाय को आमंत्रण भेजा जा रहा है। अमेरिका से ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में पार्टनर देश के रूप में भाग लेने का आग्रह किया है।”
रिचर्ड ने व्यापार और उद्योग को सरल बनाने के संबंध में प्रदेश सरकार की रणनीति के बारे में जानना चाहा।
मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि प्रदेश में उद्योगों के लिए भूमि आवंटन, कारखानों में निरीक्षण व्यवस्था और अन्य प्रशासकीय प्रक्रियाओं को अविलंब पूरा करने के लिए एकल खिड़की प्रणाली बनाई गई है।
चैहान ने महिला सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों के बारे में रिचर्ड को बताया कि प्रदेश में अब लिंगानुपात सुधर रहा है, बेटियों के जन्म के प्रति सोच बदली है, बेटियों की पढ़ाई-लिखाई और शादी-विवाह के लिए राज्य की ओर से सभी इंतजाम किए गए हैं। लाडली लक्ष्मी जैसी योजनाओं से गरीब परिवारों की बेटियों को सहारा मिला है।
मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्वतंत्रता के मुद्दे पर चर्चा कहा, “मुख्यमंत्री निवास में सभी धर्मों के त्योहार मनाए जाते हैं। सभी धर्मों और संप्रदायों के लोग आपस में मिल-जुल कर रहते हैं और सामाजिक सद्भाव की परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।”
इस अवसर पर उद्योग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, मुख्य सचिव अंटोनी डिसा, प्रमुख सचिव उद्योग मोहम्मद सुलेमान, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एस.के. मिश्रा उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath