भारत-आस्ट्रेलिया ऊर्जा वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे गोयल

नई दिल्ली, 7 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तीसरे भारत-आस्ट्रेलिया ऊर्जा सुरक्षा वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे और भारतीय पक्ष का नेतृत्व भी करेंगे। 11 फरवरी तक आस्ट्रेलिया में होने वाली वार्ता की शुरुआत सोमवार को होगी।

केंद्रीय बिजली मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि बिजली, कोयला और नवीन तथा नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे।

बयान के मुताबिक, “वार्ता के दौरान संबंधित क्षेत्रों की अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी से अवगत होने के लिए कई गोलमेज सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत निजी कंपनियों के बीच भी आपसी सहयोग बढ़ेगा।”

गोयल सिडनी और कैनबरा में सरकार और औद्योगिक अधिकारियों के साथ भी अन्य सत्रों में शामिल होंगे। इस दौरान वह ऊर्जा और संसाधन मंत्री जोश फ्रायडनबर्ग और व्यापार और निवेश मंत्री एंड्र रॉब से मिलेंगे।

गेल, कोल इंडिया, पेट्रोनेट एलएनजी, इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल जैसी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी भी इस वार्ता में उपस्थित रहेंगे। निजी क्षेत्र से अडानी रीन्यूएबल एनर्जी पार्क, सुजलॉन एनर्जी, जीवीके हैंकॉक कोल जैसी कंपनियों के अधिकारी भी होंगे।

बयान के मुताबिक, इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रिड एकीकरण की चुनौतियां, कोयला आधारित बिजली का सक्षम उत्पादन, कार्बन कैप्चर एंड स्टोरेज, स्मार्ट ग्रिड और ऊर्जा सक्षमता जैसे विषयों पर प्रमुखता से बात होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493