भारत-इंडोनेशिया द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाएंगे : अंसारी

नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति एम. हामिद अंसारी ने कहा है कि भारत और इंडोनेशिया द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश बढ़ाने तथा वर्तमान तंत्रों की गहनता के जरिए रक्षा एवं आतंकरोधी क्षेत्र में सहयोग में विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

अंसारी सोमवार को इंडोनेशिया के जकार्ता में राष्ट्रपति यूसुफ कल्ला के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उपराष्ट्रपति सचिवालय से जारी बयान के अनुसार, उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया जलवायु परिवर्तन, सामुद्रिक सुरक्षा एवं समुद्रों की स्वतंत्रता समेत विभिन्न वैश्विक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर साझा विचार रखते हैं।

उपराष्ट्रपति ने इंडोनेशिया की सरकार को इस वर्ष के प्रारंभ में ‘सहाबत इंडिया-इंडोनेशिया में भारत का त्योहार’ के आयोजन में उसके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया के आसियान के सबसे बड़े सदस्य होने के नाते भारत उससे ‘एक्ट ईस्ट नीति’ के एक हिस्से के रूप में आसियान सदस्य देशों के साथ संपर्क बढ़ाने में समर्थन की इच्छा रखता है।

गैर-पारंपरिक ऊर्जा के क्षेत्र में भारत और इंडोनेशिया के बीच गठबंधन के बारे में मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में उपराष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देश गैर-पारंपरिक ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करने को इच्छुक हैं और इस बारे में विस्तार से चर्चा इंडोनेशिया के ऊर्जा मंत्री की भारत की आगामी यात्रा के दौरान की जाएगी।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्यर्पण के मसले पर दोनों देशों की संबंधित एजेंसियां साथ मिलकर काम कर रही हैं और इंडोनेशिया की तरफ से पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है।

इससे पूर्व, भारत और इंडोनेशिया ने दोनों देशों के उपराष्ट्रपतियों की उपस्थिति में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र पर समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493