भारत और मेक्सिको का द्विपक्षीय संबंध प्रगाढ़ बनाने पर जोर (राउंडअप)

नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को मेक्सिको की अपनी समकक्ष क्लॉडिया रूइज मेसियू सालिनास के साथ बैठक की और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही द्विपक्षीय संबंधों को और ऊंचाई पर ले जाने के लिए संभावानाओं को तलाशने पर जोर दिया।

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, “दोनों देशों की विदेश मंत्रियों ने द्विपक्षीय संबंधों के सारे पहलुओं की समीक्षा की। दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए राजनीतिक, व्यापार एवं वाणिज्य, वित्तीय, तकनीकी और अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की।”

बयान में आगे कहा गया, “द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति पर दोनों विदेश मंत्रियों ने संतोष जाहिर किया और निकट भविष्य में उच्चस्तरीय यात्रा के आदान-प्रदान पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने परस्पर हितों के महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा, “द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों की विदेश मंत्रियों ने तरीकों एवं उपायों पर भी चर्चा की।”

उन्होंने कहा कि संयुक्त आयोग की बैठक अगले साल के मध्य में मेक्सिको में करने पर दोनों देशों की नेता सहमत हुईं।

स्वरूप ने कहा कि सुषमा स्वराज ने माना कि वर्तमान में दोनों देशों के बीच व्यापार सिर्फ 6.5 अरब डॉलर का है, जो बहुत कम है। साथ ही उन्होंने भारत की ‘मेक इन इंडिया’ और स्मार्ट सिटी जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं में भी मेक्सिको की भागीदारी का आग्रह किया।

उन्होंने कहा,” दोनों विदेश मंत्रियों ने तेल व गैस, अक्षय ऊर्जा, शहरी योजना व आवास सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।”

उल्लेखनीय है कि भारत मेक्सिको से तेल आयात करने वाला तीसरा बड़ा देश है और यह लैटिन अमेरिकी देश सर्वाधिक तेल उत्पादन करने वाले दुनिया के 10 बड़े देशों में एक है। तेल भंडार के मामले में यह दुनिया में चौथे स्थान पर है।

सप्रु हाउस में आयोजित ‘मेक्सिको के अंतर्राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य : भारत-मेक्सिको संबंध’ 22वीं व्याख्यानमाला को संबोधित करते हुए सालिनास ने कहा कि दुनिया में भारत के सबसे अधिक प्रवासी हैं और इस मामले में मेक्सिको दूसरे स्थान पर है, इसलिए मेक्सिको को भारत से बहुत कुछ सीखना है। इस कार्यक्रम का आयोजन विश्व मामले के भारतीय परिषद (आईसीडब्लूए) ने किया था।

उन्होंने कहा, “कूटनीति के लिए विदेशों में रह रहे प्रवासियों के मूल्यों को मान्यता देने की भारत में पुरानी परंपरा है।”

बैठक में सुषमा और सालिनास ने महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर सहयोग के लिए विचारों का आदान-प्रदान किए।

गौरतलब है कि मेक्सिको की विदेश मंत्री दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार को भारत पहुंचीं और आने के तुरंत बाद पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कीं। उन्होंने अपने देश के राष्ट्र्पति एनरिक पेना नीटो की ओर से उन्हें निकट भविष्य में मेक्सिको आने न्योता भी दिया।

उन्होंने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक व्यावसायिक कार्यक्रम में भी भाग लिया और वहां निजी क्षेत्र के जोगों के साथ बातचीत की।

उन्होंने शनिवार को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर ‘मेक्सिको इज’ नामक फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और थोड़ी दूर तक मेट्रो की सवारी का भी लुत्फ उठाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493