बासेट्रे (सेंट किट्स), 11 जुलाई (आईएएनएस)। शाई होप (नाबाद 118) की शतकीय पारी की बदौलत वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) अध्यक्ष एकादश ने भारत के साथ वार्नर पार्क स्टेडियम में खेला गया पहला दो दिवसीय अभ्यास मैच ड्रॉ करा लिया।
डब्ल्यूआईसीबी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, भारतीय टीम द्वारा पहली पारी में बनाए गए 258 रनों के जवाब में डब्ल्यूआईसीबी अध्यक्ष एकादश ने मैच के दूसरे दिन रविवार को अपनी पहली पारी में सात विकेट के नुकसान पर 281 रन बनाकर मैच ड्रॉ करा लिया।
होप के अलावा राजेंद्र चंद्रिका ने 69 और जोमेल वारिकेन ने नाबाद 50 रनों की पारी खेली। होप ने पहले चंद्रिका से साथ दूसरे विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी की, फिर वारिकेन के साथ आठवें विकेट के लिए 104 रन जोड़ मैच ड्रॉ करवाया।
होप ने अपनी पारी में 229 गेंदों का समाना करते हुए 15 चौके लगाए। भारत की तरफ से लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने चार विकेट लिए।
इससे पहले, मैच के पहले दिन शनिवार को भारत ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी चुनते हुए छह विकेट के नुकासन पर 258 रन बनाए थे। अर्धशतकीय पारी खेलने वाले सलामी बाल्लेबाज लोकेश राहुल (50) और शिखर धवन (51) ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े। यह दोनों बल्लेबाज रिटायर्ड हर्ट हुए।
राहुल ने 99 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाया, जबकि धवन ने 90 गेंदें खेलते हुए सात चौके लगाए।
कप्तान विराट कोहली (14) ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और वारिकेन का शिकार होकर पवेलियन लौटे। कोहली के बाद अंजिक्य रहाणे (5) भी सस्ते में चलते बने। चेतेश्वर पुजारा (34) भी रिटायर्ड हर्ट हुए।
रोहित शर्मा (नाबाद 54) ने जरूर रिद्धिमान साहा (22) के साथ छठे विकेट के लिए 47 रन जोड़े और उसके बाद अमित मिश्रा (नाबाद 18) के साथ सातवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। इसके बाद कोहली ने पहले दिन की समाप्ति के साथ पारी घोषित कर दी।
नाबाद लौटने वाले रोहित ने अपनी पारी में 109 गेंदों का सामना किया और आठ चौके एक छक्का लगाया।
दूसरे दिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज अध्यक्ष एकादश को पहला झटका सात रनों पर लगा। लियोन जॉनसन (2) को भुवनेश्वर कुमार ने पवेलियन भेजा। इसके बाद होप और चंद्रिका ने मोर्चा संभाला और टीम का स्कोर 129 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर मिश्रा ने चंद्रिका को साहा के हाथों स्टम्प करा भारत को दूसरी सफलता दिलाई। मिश्रा ने अगली ही गेंद पर जेम्स ब्लैकवुड को चलता कर दिया।
इस साझेदारी के टूटने के बाद टीम का मध्यक्रम पूरी तरह ढह गया, और 48 रन जोड़ने में टीम ने पांच विकेट और गंवा दिए। लेकिन होप ने एक बार फिर वारिकेन के साथ साझेदारी कर मैच ड्रॉ करा लिया।
मिश्रा के अलावा भुवनेश्वर, मोहम्मद समी और उमेश यादव को एक-एक विकेट मिला।
dharmpath.com dharmpath