भारत का श्रीलंका को हस्तनिर्मित 16000 मोमबत्तियों का उपहार

कैंडी, 12 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय वेसक दिवस पर भारत की ओर से श्रीलंका को 16,000 हस्तनिर्मित मोमबत्तियां उपहार स्वरूप देने की घोषणा की।

इन मोमबत्तियों को कोलंबो में भारतीय उच्चायोग द्वारा पवित्र दंत अवशेष (श्री दलदा मालीगाव) मंदिर को दिया जाएगा। यह मंदिर बौद्ध मंदिर है, जहां भगवान बुद्ध का दांत रखा गया है।

भारतीय विदेश मंत्रालय के एक बयान के मुताबिक, इन मोमबत्तियों का निर्माण विशेष रूप से भारतीय राज्य असम के डिगबोई में दुनिया की सबसे पुरानी परिचालन रिफाइनरी में उत्पादित पैराफिन मोम से किया गया है।

साल 1901 में शुरू हुई डिगबोई रिफाइनरी को भारत के तेल उद्योग की जन्मभूमि माना जाता है। इसका संचालन भारतीय तेल निगम (आईओसी) द्वारा किया जाता है, जिसकी श्रीलंका में एक सहायक कंपनी है।

मोदी ने शुक्रवार को ऐतिहासिक मंदिर पवित्र दंत अवशेष गए। उनके साथ श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना भी थे। उन्होंने इस मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

मोदी ने इसके पहले भगवान बुद्ध के जन्मदिन पर आयोजित संयुक्त राष्ट्र से मान्यता प्राप्त 14वें अंतर्राष्ट्रीय वेसक दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया।

मोदी श्रीलंका के दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को कोलंबो पहुंचे थे। उन्हें श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने आमंत्रित किया था।

प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का श्रीलंका का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले, उन्होंने मार्च, 2015 में श्रीलंका का दौरा किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493