नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को प्रख्यात लेखिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता महाश्वेता देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि महाश्वेता देवी ‘भारत की अंतरात्मा की आवाज’ थीं। उनके अंत:करण से निकले शब्द देश के वंचित तबके का प्रतिनिधित्व करते थे।
सोनिया ने कहा, “भारत ने हमारे समय की महानतम लेखिकाओं में से एक को खो दिया है। हम उनके शोकाकुल परिवार और उनके प्रत्येक चाहने वालों के साथ हैं।”
महाश्वेता देवी को वंचित तबकों, मध्यवर्ग और महिलाओं की आवाज उठाने वाली लेखिका के रूप में याद करते हुए सोनिया ने कहा, “अपनी लेखनी के जरिए महाश्वेता देवी लगातार अन्याय, उत्पीड़न, गैर-बराबरी और पक्षपात के खिलाफ आवाज उठाती रहीं।”
उन्होंने कहा, “वह देश के आदिवासी समुदाय से बेहद प्रेम करती थीं। वह हद दर्जे की ईमानदार थीं और उनके शब्द उनके अंत:करण की आवाज हैं जिसमें देश के वंचित तबकों का प्रतिनिधित्व मिलता है।”
सोनिया ने महाश्वेता देवी के लाखों पाठकों और चाहने वालों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।
महाश्वेता देवी का 90 वर्ष की आयु में गुरुवार को कोलकाता के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया।
dharmpath.com dharmpath