नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने कांग्रेस पर कश्मीर मुद्दे पर ‘ओछी राजनीति’ करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि आतंकवादियों की जिंदगियां नहीं, ‘देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि’ है।
नायडू ने यहां मीडिया से कश्मीर में हाल ही में हुई हिंसा के साथ ही कई अन्य मुद्दों पर बात करते हुए कहा, “हमारी पार्टी (भाजपा) देश की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है, आतंकवादियों की जिंदगियां नहीं।”
नायडू ने कहा कि कांग्रेस कश्मीर मुद्दे पर ‘ओछी राजनीति’ कर रही है और ‘देश की सुरक्षा के साथ समझौता कर रही है।’
नायडू एक टीवी साक्षात्कार में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम की टिप्पणियों के संदर्भ में बात कर रहे थे। चिंदबरम ने साक्षात्कार में कहा था कि जिस ‘बड़े समझौते’ (ग्रैंड बारगेन) के तहत कश्मीर का भारत में विलय हुआ था, उसका सम्मान नहीं किया गया।
नायडू ने कहा, “लोग जो सहानुभूति दिखा रहे हैं और लेख लिख रहे हैं, उन्हें देश की जनता की भावनाएं समझनी चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath