भारत के खिलाफ पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे चोटिल एंडरसन

लंदन, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ अगले महीने शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के पहले मैच में इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन नहीं खेल पाएंगे।

एंडरसन का कंधा चोटिल है जिसके कारण वह बांग्लादेश के खिलाफ इस समय जारी टेस्ट श्रृंखला में भी टीम में नहीं खेल रहे हैं।

वेबसाइट ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ के मुताबिक, इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान एलिस्टर कुक ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर बुधवार को कहा कि नौ नवंबर से राजकोट में भारत के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच में टीम एंडरसन के बिना ही उतरेगी।

कुक ने कहा, “वह पहले टेस्ट मैच के लिए तैयार नहीं हैं। वह अभ्यास के लिए तैयार हो सकते हैं लेकिन पहले टेस्ट मैच के लिए अभी स्वस्थ नहीं हैं। इस पर फैसला उनके आने के एक सप्ताह के बाद ही लिया जाएगा।”

कप्तान ने कहा, “मैंने उनसे रात को ही बात की थी। वह अच्छा अभ्यास कर रहे हैं और शारीरिक रूप से अच्छी स्थिति में हैं, लेकिन उन्होंने अभी गेंदबाजी शुरू नहीं की है और यह समस्या पिछले कुछ दिनों से है। वह शारीरिक रूप से कितने फिट हैं इस बात का पता तभी चलेगा जब वह गेंदबाजी का अभ्यास शुरू करेंगे।”

इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक विकेट हासिल कर चुके एंडरसन का भारत के खिलाफ टीम में न होना निश्चित तौर पर इंग्लैंड के लिए बड़ी चिंता का विषय है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493