लंदन, 13 फरवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन में भारत के नए उच्चायुक्त नवतेज सरना ने यहां भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्यों से आग्रह किया कि भारत में महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में वे विदेशी निवेश लाने में मदद कर सकते हैं।
भारतीय समुदाय द्वारा शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में सरना ने कहा कि ब्रिटेन में भारतीय समुदाय ने हर क्षेत्र में सफलता के झंडे गाड़े हैं, चाहे वह राजनीति, व्यापार, स्वास्थ्य, संस्कृति, वित्त, आर्थिक क्षेत्र हो या कोई और क्षेत्र। यहां की राजनीति में भी उन्होंने अपना लोहा मनवाया है और उनकी आवाजा का महत्व है।
पिछले महीने सरना को रंजन मथाई की जगह ब्रिटेन में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया था।
उच्चायुक्त ने कहा, “आपने ब्रिटेन में अपनी सांस्कृतिक जड़ों को कभी नहीं भूलाया। यही कारण है कि आज आपकी संस्कृति ब्रिटिश जीवन का एक हिस्सा है। यहां फिश एंड चिप्प व्यंजन से भी ज्यादा मशहूर भारत का तंदूरी व्यंजन है। भांगड़ा आज लंदन की पहचान है।”
उन्होंने कहा कि उच्चायोग अपने समुदाय के साथ दोतरफा संबंधों को बढ़ावा देगा, जहां सभी समस्याओं को बेझिझक बांटा जाए और उस पर चर्चा की जाए। सरना ने कहा कि उच्चायोग सभी चिंताओं को हल करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
भारतीय उच्यायोग की ऐतिहासिक इमारत इंडिया हाउस में समुदाय के सदस्यों का स्वागत करते हुए सरना ने कहा कि आप लोग उच्चायोग को अपना घर ही समझें। आपका यहां हमेशा स्वागत है।
dharmpath.com dharmpath