भारत के साथियान विश्व टेटे के मुख्य मुकाबले में

सुझोऊ (चीन), 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के टेबल टेनिस खिलाड़ी जी. साथियान ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए विश्व टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के पुरुष एकल के मुख्य मुकाबले में प्रवेश कर लिया।

188वीं विश्व वरीयता प्राप्त साथियान ने चिली के फेलिप ओलीवारेस को क्वालीफाइंग के फाइनल राउंड में 11-7, 11-8, 11-8, 11-4 से हराकर मुख्य मुकाबले में प्रवेश किया।

साथियान के लिए हालांकि मुख्य मुकाबला आसान नहीं होने वाला क्योंकि पहले ही दौर में उन्हें 64वीं विश्व वरीयता प्राप्त स्वीडन के गेरेल पार से भिड़ना है।

क्वालीफाइंग के फाइनल तक का सफर तय करने वाले एक अन्य भारतीय सनिल शेट्टी हालांकि फाइनल में स्विट्जरलैंड के खुद से ऊंची वरीयता वाले इलिया स्कमिड से 12-10, 13-15, 11-9, 6-11, 11-7, 13-15, 9-11 से हार गए।

भारत के शीर्ष खिलाड़ी शरत कमल मुख्य मुकाबले के पहले राउंड में खुद से कमतर वरीयता वाले उत्तर कोरिया के पार्क सिन ह्योक से भिड़ेंगे।

देश की सभी महिला खिलाड़ियों को अपने-अपने पहले दौर के मुकाबलों में खुद से ऊंची वरीयता वाली खिलाड़ियों का सामना करना है।

भारत की सर्वोच्च वरीय तथा विश्व रैंकिंग में 172वें पायदान की मौमा दास पहले दौर में 69वीं वरीयता प्राप्त रूस की मिखाइलोवा पोलिना से भिड़ेंगी, जबकि के. शामिनी लिथुआनिया की रूटा पास्कोकिनी से भिड़ेंगी।

मणिका बत्रा को पहले दौर में 36वीं विश्व वरीयता प्राप्त जापान की हिरानो मियू का सामना करना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493