भारत, चीन की नौसेनाएं आपस में सहयोग कर रहीं : धवन

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना प्रमुख आर.के.धवन ने सोमवार को कहा कि भारत और चीन समुद्री क्षेत्र में एक-दूसरे को सहयोग कर रहे हैं।

रक्षा क्षेत्र के निवेशकों व नौसेना के शीर्ष अधिकारियों को एक साथ लाने के लिए आयोजित एक समारोह से अलग नौसेना प्रमुख धवन ने संवाददाताओं से कहा, “भारतीय नौसेना तथा पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ऑफ चाइना (पीएलए) की नौसेना समुद्री क्षेत्र में एक-दूसरे को सहयोग कर रही है।”

उन्होंने कहा, “हाल ही में जब हमारे समझौते का नवीनीकरण हुआ, तो पीएलए का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल और दो युद्धपोत भारत पहुंचे थे और संयुक्त सैन्य अभ्यास में हिस्सा लिया था।”

धवन ने कहा कि भारत और चीन की नौसेनाओं ने मिलकर समुद्री लुटेरों पर काबू पाया है।

नौसेना प्रमुख की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर पांच दिवसीय दौरे पर शनिवार को चीन पहुंचे हैं। पर्रिकर अपनी इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को मजबूत करने को लेकर पीएलए के शीर्ष अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे।

धवन ने कहा, “दोनों नौसेनाएं अदन की खाड़ी में भी एक-दूसरे को सहयोग करती हैं, जहां हम समुद्री लुटेरों के खिलाफ गश्त करते हैं। हम सूचनाओं का आदान-प्रदान करते हैं, ताकि दोनों नौसेनाएं इस बात से जागरूक हों कि दूसरे ने क्या पाया है।”

उन्होंने कहा कि रक्षामंत्री पर्रिकर चीन के मंत्री के साथ दोनों देशों के बीच सहयोग तथा संबंध बढ़ाने के मुद्दे उठा सकते हैं।

नौसेना प्रमुख ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ सैन्य साजो-सामान के विनिमय को लेकर होने वाले समझौते (लॉजिस्टिक सपोर्ट एग्रीमेंट) से भारतीय नौसेना को मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा, “लॉजिस्टिक सपोर्ट एग्रीमेंट (एलएसए) हमारे लिए लाभदायक होगा। जब हम दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अपने पोतों का संचालन करेंगे, तब सैन्य साजो-सामान की हमारी जरूरत पूरी होगी।”

नौसेना प्रमुख ने एलएसए को भारत-चीन के संबंधों से जोड़ने से इंकार कर दिया। इस समझौते को अमेरिका द्वारा चीन को रोकने के उपाय के तहत देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पर्रिकर व अमेरिका के रक्षामंत्री एश्टन कार्टर ने दोनों देशों के बीच सैन्य साजो-सामान के विनिमय को लेकर एक समझौते पर सहमत होने की पिछले सप्ताह घोषणा की थी।

भारत व अमेरिका दो और समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे, जिनमें एक कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन सिक्युरिटी मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (सीआईएसएमओए) तथा दूसरा बेसिक एक्सचेंड एंड कोऑपरेशन एग्रीमेंट (बीईसीए) है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493