कोलंबो, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पिछले साल की तुलना में इस साल मार्च महीने में श्रीलंका में पर्यटकों के आगमन में 22.8 की वृद्धि हुई है। ऐसा चीन और भारत से आनेवाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी के चलते हुआ है। यह खुलासा मंगलवार को यहां पर्यटन प्रोत्साहन ब्यूरो की ओर से जारी आंकड़ों से हुआ है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इस साल मार्च महीने में 38.2 प्रतिशत वृद्धि के साथ 30,170 पर्यटक भारत से श्रीलंका पहुंचे, जबकि हांगकांग और मकाऊ समेत चीन से 19645 पर्यटक पहुंचे जो पिछले साल की तुलना में 40 फीसदी अधिक थे।
ब्रिटेन से श्रीलंका आने वाले पर्यटकों की संख्या 44,813 रही, जबकि पूरे यूरोप से 69,972 पर्यटक आए।
श्रीलंका में विगत 30 वर्षो से चल रहे गृहयुद्ध की 2009 में समाप्ति के बाद से पर्यटकों के आगमन में वृद्धि शरू हुई है। इस साल फरवरी महीने में सबसे अधिक चीनी पर्यटक श्रीलंका आए।
पर्यटन प्रोत्साहन ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, इस साल फरवरी महीने में 32,186 चीनी पर्यटक श्रीलंका आए जो जनवरी महीने की तुलना में 17.4 प्रतिशत अधिक थे। जनवरी महीने में 26,083 चीनी पर्यटक श्रीलंका आए थे।
श्रीलंका के पर्यटन मंत्री अमरतुंगा मई महीने में पर्यटकों को लुभाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू करने जा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि इस साल बड़ी संख्या में चीनी पर्यटक श्रीलंका आएंगे।
dharmpath.com dharmpath